राजधानी रायपुर के उरला इंडस्ट्रियल एरिया में तार फैक्ट्री में भीषण आग, 22 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कावेरी इंडस्ट्री की तार फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उठता हुआ धुएं का गुबार करीब 22 किलोमीटर दूर तक नजर आया।
यह घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। आग लगने की सूचना दोपहर करीब 1 बजे मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अब तक फायर ब्रिगेड की चार टंकियां पानी खत्म हो चुकी हैं, लेकिन आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि आसपास पानी की भारी किल्लत है, जिसके चलते दूर-दराज के इलाकों से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगाई गई हैं। फैक्ट्री में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में धुएं ने आग का रूप ले लिया और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटनास्थल पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को तुरंत खाली करा लिया। इस सतर्कता के चलते किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल आग बुझाने का कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।