सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में बड़ा हादसा, हैमर झूला टूटकर गिरा, मची अफरा-तफरी

सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मनोरंजन पार्क में लगा हैमर झूला अचानक टूटकर गिर पड़ा। हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ, जब मेले में छुट्टी के चलते भारी भीड़ मौजूद थी।

कार्निवल और सांस्कृतिक संध्या के बीच हुआ हादसा

घटना के समय मेले की मुख्य चौपाल के पीछे अलग-अलग देशों के कलाकार कार्निवल निकाल रहे थे। युवा और बच्चे कलाकारों के साथ थिरकते नजर आ रहे थे। वहीं चौपाल पर मुख्य सांस्कृतिक संध्या की तैयारियां चल रही थीं, जहां गायक नवीन पुनिया और स्टैंडअप कॉमेडियन अमित टंडन की प्रस्तुति होनी थी।

इसी दौरान मनोरंजन पार्क की तरफ से अचानक चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं।

14वें राउंड में टूटा खतरनाक हैमर झूला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दिल्ली गेट की ओर बने मनोरंजन पार्क में लगे झूले पूरी तरह भरे हुए थे। लोग अलग-अलग झूलों का आनंद ले रहे थे। हैमर झूले में करीब 30 सवारियां मौजूद थीं, जिसे पार्क का सबसे खतरनाक झूला माना जाता है।

यह झूला सवारियों को 180 डिग्री के एंगल पर घुमा रहा था। 13 राउंड पूरे होने के बाद जब झूला 14वें राउंड में पहुंचा, तभी अचानक झूला टूटकर बाईं ओर गिर पड़ा

पार्क में मची चीख-पुकार, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू

झूला गिरते ही पूरे मनोरंजन पार्क में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। इसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया

मौके पर मौजूद मेला अधिकारियों ने परिसर में ही तैनात एम्बुलेंस को तुरंत बुलाया। घायलों को पास में स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अगला नंबर था, उससे पहले बच गए बच्चे

ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-88 से अपने बच्चों के साथ मेले में आए राहुल ने बताया कि उनके बच्चे काफी देर से झूला झूलने की जिद कर रहे थे। उन्होंने झूले का टोकन भी ले लिया था और अगला नंबर उनका ही था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था और झूलों की तकनीकी जांच पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि मेले में लगातार उद्घोषणा के जरिए लोगों से सतर्क रहने, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की अपील की जा रही थी।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।