नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन से पहले रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, आज होगी हाईलेवल समीक्षा बैठक

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार शाम छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यह बीते दो महीनों में अमित शाह का दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है, जिसे नक्सलवाद के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर के मेफेयर होटल में नक्सलवाद को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में वे सुरक्षा एजेंसियों से मिले इंटेलिजेंस इनपुट्स की समीक्षा करेंगे और छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा करेंगे। साथ ही आगामी रणनीति को लेकर भी अहम दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।

नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन नजदीक

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे की समयसीमा को अब सिर्फ 52 दिन शेष हैं। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य तय किया है, जिसकी घोषणा खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने की थी। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ सहित नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं।

निर्णायक दौर में पहुंचा अभियान

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब नक्सल विरोधी अभियान निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। राज्य और केंद्र की संयुक्त रणनीति के तहत सुरक्षा बलों की तैनाती, तकनीकी निगरानी और विकास कार्यों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि रायपुर में होने वाली यह बैठक आने वाले दिनों में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई की दिशा और गति तय करेगी।