मानस साहू | बलौदाबाजार। भारतीय डाक विभाग द्वारा डाकघर बचत बैंक की विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जिले में एक साथ 13 चयनित स्थानों पर विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों तक सीधे पहुंच बनाकर उन्हें डाकघर की सुरक्षित एवं लाभकारी बचत योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
डाक विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियान के अंतर्गत कई क्षेत्रों में कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों को डाकघर बचत बैंक की योजनाओं, सुरक्षित निवेश विकल्पों तथा आकर्षक ब्याज दरों की जानकारी दी गई। वहीं कुछ प्रमुख स्थानों पर काउंटर एवं शिविर के माध्यम से भी लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया। कई क्षेत्रों में डोर-टू-डोर अभियान और काउंटर व्यवस्था दोनों माध्यमों से एक साथ कार्य किया गया।

अभियान के दौरान सुकन्या समृद्धि योजना, आवर्ती जमा, सावधि जमा सहित अन्य डाकघर बचत योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। डाक विभाग का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित निवेश की ओर प्रेरित करना तथा डाकघर की भरोसेमंद सेवाओं से जोड़ना है।
इस अवसर पर टुंडरा क्षेत्र में आयोजित अभियान में नागेश, ओम प्रकाश, संतोष, रमाकांत, तोमेश, किरण, ज्योति, आकांक्षा, नीलकमल, मनीराम एवं संजय उपस्थित रहे।
डाक विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और डाकघर बचत बैंक की योजनाओं के माध्यम से अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं।

