रायपुर। राजधानी रायपुर में नॉर्थ जोन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अवैध गुटखा भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपए मूल्य का गुटखा जब्त किया है। यह कार्रवाई खमतराई थाना क्षेत्र में की गई, जहां एक यार्ड में भारी मात्रा में गुटखा डंप कर रखा गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई को सौंपी गई थी।
निर्देशों के बाद गठित टीम ने खमतराई स्थित एक यार्ड में दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया गया। पुलिस ने गुटखे के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस गोदाम संचालक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गुटखा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
