एक हफ्ते बाद मिलेगी आज़ादी, पप्पू यादव को कोर्ट से बड़ी राहत

पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पटना और पूर्णिया में दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में अदालत ने उन्हें जमानत दे दी है। जमानत मिलने के बाद अब उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। पिछले एक सप्ताह से वे बेऊर जेल में बंद थे और शुक्रवार को अदालत के फैसले के बाद किसी भी वक्त रिहा हो सकते हैं।
तीन मामलों में मिली जमानत
जानकारी के अनुसार, पप्पू यादव की गिरफ्तारी 31 साल पुराने एक मामले में 6 फरवरी को हुई थी। इस केस में उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी थी, लेकिन बाद में दो अन्य मामले जोड़ दिए गए थे, जिसके चलते उन्हें दोबारा जेल भेज दिया गया।
इन मामलों में सरकारी काम में बाधा डालने और धरना-प्रदर्शन से जुड़े आरोप शामिल थे। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में उन पर सरकारी कार्य में रुकावट पैदा करने का आरोप था, जबकि कोतवाली थाना क्षेत्र में वर्ष 2017 और 2019 के दो अलग-अलग धरना-प्रदर्शन से जुड़े केस दर्ज थे।
तीनों मामलों में पप्पू यादव न्यायिक हिरासत में थे और उनकी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी। शुक्रवार को अदालत ने सभी मामलों में उन्हें राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली। कोर्ट के फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है।
बेऊर जेल से नीतीश सरकार पर हमला
जेल में रहते हुए भी पप्पू यादव लगातार सरकार पर हमलावर रहे। उन्होंने पटना सिविल कोर्ट को मिल रही बम से उड़ाने की धमकियों को लेकर इसे “बड़ा षड्यंत्र” बताया था।
उन्होंने नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें जेल में बनाए रखने के लिए अपराधी, माफिया और प्रशासन मिलकर साजिश कर रहे हैं।
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा था, “यह कैसा कानून का राज है? पटना सिविल कोर्ट को लगातार चार दिनों से बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। कोर्ट का काम ठप पड़ जा रहा है। क्या यह मुझे जेल में कैद रखने के लिए अपराधी-माफिया, सरकार और पुलिस प्रशासन का षड्यंत्र है?”
समर्थकों में उत्साह
कोर्ट से राहत मिलने के बाद पप्पू यादव के समर्थकों में खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि रिहाई के बाद वे सीधे पूर्णिया पहुंच सकते हैं, जहां उनके स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं।