भाटापारा में नाबालिगों से अवैध शराब बिक्री कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

संजू पैकरा 

भाटापारा | 15 फरवरी 2026भाटापारा शहर थाना पुलिस ने शहर में नाबालिग बालकों के माध्यम से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में विधि से संघर्षरत 3 नाबालिग बालकों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान 14 फरवरी 2026 को सुरखी रोड छात्रावास के पास और रावणभाटा मैदान के किनारे 3 नाबालिगों को अवैध रूप से शराब का परिवहन एवं बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उनके कब्जे से ₹7200 कीमत की 72 पाव देसी मसाला शराब तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 AF 4523 जब्त की गई।

पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि उन्हें अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के लिए जितेंदर टंडन उर्फ गप्पू और गौतम यदू द्वारा आर्थिक प्रलोभन दिया गया था। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने नाबालिगों से अवैध कार्य कराना स्वीकार किया।

मामले में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में अपराध क्रमांक 46, 47/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं 78 किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

जितेंदर टंडन उर्फ गप्पू, निवासी लाल बहादुर शास्त्री वार्ड पटपर, थाना भाटापारा ग्रामीण

गौतम यदू, निवासी सुभाष वार्ड, भाटापारा

विधि से संघर्षरत 03 नाबालिग बालक

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।