राजधानी मुंबई में शनिवार दोपहर एक गंभीर हादसा हो गया। मुलुंड पश्चिम स्थित एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलर का भारी सीमेंट स्लैब अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय ऑटो में सवार तीन से चार लोग मौजूद थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक कार के भी मलबे की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड अधिकारी और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बीएमसी की ओर से बताया गया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान पिलर का सीमेंट हिस्सा टूटकर गिरा, जिससे यह दुर्घटना हुई। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्लैब सीधे ऑटो रिक्शा पर गिरा, जिससे नुकसान ज्यादा हुआ।
