मोहाली के फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, CM भगवंत मान को लेकर सनसनीखेज मेल; हाई अलर्ट

मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, वहां सोमवार दोपहर 1:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल अस्पताल प्रबंधन को प्राप्त हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर गंभीर और सनसनीखेज बातें लिखी गई हैं।

मेल में दावा किया गया है कि ‘भाई दिलावर सिंह के वारिसों’ ने मुख्यमंत्री को पोलोनियम से संक्रमित कर दिया है। साथ ही यह भी धमकी दी गई है कि यदि वह बच गए तो उनका हश्र पंजाब के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा किया जाएगा। गौरतलब है कि बेअंत सिंह की चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम हमले में हत्या कर दी गई थी।

धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। फोर्टिस अस्पताल को चारों ओर से घेर लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। मौके पर 5 बम निरोधक दस्तों को सक्रिय किया गया है, जबकि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।

मोहाली के एसपी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि फिलहाल मुख्यमंत्री को किसी अन्य अस्पताल में शिफ्ट करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष दस्तों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है।
धमकी का दायरा सिर्फ अस्पताल तक सीमित नहीं रहा। जानकारी के मुताबिक मोहाली के 16 स्कूलों को भी धमकी भरे मेल मिले हैं, जिसके बाद एहतियातन सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को डिस्चार्ज होने के बाद वह मोगा में आम आदमी पार्टी सरकार की नशा विरोधी रैली में शामिल हुए थे। वहां सांस लेने में तकलीफ होने पर सोमवार शाम करीब 5 बजे उन्हें दोबारा मोहाली के इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सच्चाई का पता लगाने के लिए साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं।