सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ सीनियर महिला क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ ने अपने सातों लीग मुकाबले जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
बड़ोदरा में खेले गए सातवें और अंतिम लीग मैच में छत्तीसगढ़ ने बंगाल को 5 विकेट से हराकर लगातार सातवीं जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के साथ टीम ने अजेय रहते हुए क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। अब छत्तीसगढ़ महिला टीम 22 फरवरी 2026 को क्वार्टर फाइनल में मुंबई से भिड़ेगी।
बंगाल ने बनाए 197 रन
टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल की टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 197 रन बनाए। बंगाल की ओर से मीता पॉल ने शानदार 76 रन की पारी खेली। उनके अलावा टी. सरकार ने 34 रन, सजता डे ने 24 रन और प्रतीवा ने 21 रन का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से महक नरवसे ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि प्रीति यादव और श्रेया श्रीवास को 2-2 सफलता मिली।
कप्तान कृति गुप्ता की नाबाद पारी से जीत
198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम ने 48.3 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान कृति गुप्ता ने नाबाद 54 रन की संयमित और मैच जिताऊ पारी खेली। महक नरवसे ने 42 रन, शिल्पा साहू ने 26 रन और कुमुद साहू ने 22 रन बनाए। बंगाल की ओर से बिदिशा डे को 2 विकेट मिले।
महक नरवसे बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए महक नरवसे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने महत्वपूर्ण 42 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
लगातार सात जीत और अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम ने राज्य के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया
