नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी सुबह लगभग 9:40 बजे शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और उद्घाटन भाषण देंगे।
समिट के उद्घाटन सत्र में फ्रांस के राष्ट्रपति भी लोगों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर दर्जन भर से अधिक देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की मौजूदगी रहेगी। शाम के समय प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक स्तर की प्रमुख कंपनियों के सीईओ के साथ राउंडटेबल बैठक में भी भाग लेंगे।
गुरुवार को पब्लिक के लिए बंद रहेगा समिट
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सचिव एस. कृष्णन ने जानकारी दी है कि गुरुवार को एआई इम्पैक्ट समिट आम जनता के लिए बंद रहेगा। इस दिन केवल वही लोग समिट परिसर में प्रवेश कर सकेंगे, जिनके पास आधिकारिक निमंत्रण पत्र होगा।
21 फरवरी को भी जारी रहेगा एआई समिट
सरकार ने एआई समिट की अवधि एक दिन के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। पहले यह सम्मेलन 20 फरवरी को समाप्त होना था, लेकिन अब इसे 21 फरवरी तक जारी रखा जाएगा।
21 फरवरी को पब्लिक एआई एक्सपो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम लोग सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हिस्सा ले सकेंगे।
ब्राजील के राष्ट्रपति पहुंचे दिल्ली
इस बीच ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा पांच दिवसीय यात्रा (18–22 फरवरी) पर बुधवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनका पारंपरिक भारतीय स्वागत दिखाई दिया।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“नमस्ते, इंडिया! मैं एक जरूरी एजेंडे के साथ एक और यात्रा पर आया हूं—रिश्ते मजबूत करना, साझेदारी को गहरा करना और दुनिया में एआई के भविष्य पर चर्चा करना। हम दोनों देशों के बीच सहयोग, नवाचार और अवसर बढ़ाने के लिए काम करेंगे।”
एआई पर वैश्विक विमर्श का मंच
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग, नीति निर्माण और नवाचार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। इस सम्मेलन में एआई से जुड़े भविष्य के रोडमैप, नैतिकता, तकनीकी साझेदारी और आर्थिक संभावनाओं पर गहन चर्चा की जाएगी।
