धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक स्थित दहदहा गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल में पढ़ने वाले 35 बच्चों के हाथों पर एक जैसे कट के निशान पाए गए हैं। बच्चों के हाथों पर ब्लेड, पिन या किसी नुकीली वस्तु से लगाए गए कट दिखाई दिए, जिससे स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में हड़कंप मच गया।
स्कूल प्रबंधन भी रह गया हैरान
जब स्कूल प्रबंधन की नजर बच्चों के हाथों पर पड़े एक जैसे कट के निशानों पर पड़ी तो सभी के रोंगटे खड़े हो गए। तत्काल डॉक्टरों की टीम को स्कूल बुलाया गया और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके साथ ही मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को दी गई।
शिक्षा विभाग की टीम पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चों ने खुद अपने हाथों पर कट लगाए हैं या किसी अन्य ने ऐसा किया है।
प्रिंसिपल और परिजनों के बयान अलग-अलग
स्कूल प्रिंसिपल का कहना है कि बच्चों ने अपने घर पर ही यह कट लगाए हैं, जबकि परिजनों का आरोप है कि बच्चे घर पर ऐसा नहीं करते और यह स्कूल प्रबंधन की लापरवाही का मामला है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते मामला और उलझ गया है।
कलेक्टर के संज्ञान में मामला
यह मामला अब कलेक्टर के संज्ञान में आ चुका है। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि यदि जांच में किसी की भी लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों ने नहीं दिया स्पष्ट जवाब
जब बच्चों से पूछताछ की गई तो वे खुलकर कुछ भी नहीं बता पाए। न तो शिक्षकों को और न ही अभिभावकों को यह समझ आ रहा है कि बच्चों ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
स्कूल में शुरू हुई काउंसलिंग
घटना को गंभीरता से लेते हुए स्कूल में बच्चों और उनके परिजनों की काउंसलिंग शुरू कर दी गई है। प्रिंसिपल के अनुसार, यह मामला 13 फरवरी को संज्ञान में आया था और 16 फरवरी से काउंसलिंग प्रक्रिया लगातार जारी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह बच्चों की नकल प्रवृत्ति, मानसिक दबाव या किसी अन्य कारण का परिणाम है।
