संजू पैकरा,/ बलौदाबाजार। जनपद पंचायत पलारी में तैनात उप संभागीय अधिकारी (एसडीओ) गोपाल कृष्ण शर्मा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर एक आवेदक से कुल एक लाख रुपये की अवैध मांग करने का आरोप है।
राजस्व कार्य के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति का राजस्व संबंधी कार्य जनपद पंचायत पलारी के अंतर्गत एसडीओ कार्यालय में लंबित था। आरोप है कि उक्त कार्य को निपटाने के एवज में एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा ने एक लाख रुपये की मांग की। इससे परेशान आवेदक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई।
पहली किश्त लेते ही दबिश
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। गुरुवार को जब आवेदक 25 हजार रुपये की पहली किश्त देने पहुंचा, उसी समय एसीबी की टीम ने दबिश देकर आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्यालय की तलाशी, पूछताछ जारी
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के कार्यालय की तलाशी ली जा रही है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है।
विभाग में हड़कंप, जनता में संतोष
इस कार्रवाई के बाद पलारी सहित पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम जनता ने एसीबी की इस कार्रवाई पर संतोष जताया है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोष सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
