नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी जमफारा राज्य में सशस्त्र हमलावरों ने एक गांव पर बड़ा हमला कर दिया। इस हमले में करीब 50 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई महिलाओं और बच्चों का अपहरण कर लिया गया। यह जानकारी राज्य के एक सांसद ने शुक्रवार को दी।
बुक्कुयुम दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद हमीसु ए फारू ने बताया कि हमलावरों ने तुंगन दुत्से गांव को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि हमला गुरुवार रात शुरू हुआ और शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे तक चलता रहा।
घर जलाए, भागते लोगों पर चलाई गोलियां
सांसद के अनुसार, सशस्त्र हमलावरों ने गांव में घुसते ही घरों और अन्य इमारतों में आग लगा दी। जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय नेता और प्रशासनिक अधिकारी अभी भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि अपहृत लोगों की संख्या और बढ़ सकती है।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान
तुंगन दुत्से गांव के 41 वर्षीय निवासी अब्दुल्लाही सानी ने बताया कि इस हमले में उनके परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। उन्होंने कहा,
“यह घटना हम सबके लिए बेहद दुखद है। हमने 150 से अधिक मोटरसाइकिलों पर सवार हथियारबंद लोगों को देखा और तुरंत सुरक्षा बलों व स्थानीय अधिकारियों को सूचना दी थी।”
चेतावनी के बावजूद नहीं मिली मदद
ग्रामीणों का आरोप है कि हमले से पहले दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया गया। समय पर सुरक्षा बलों की तैनाती होती तो इतने बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान रोका जा सकता था।
लगातार हो रही हैं हिंसक घटनाएं
नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में इस तरह के हमले लगातार होते रहे हैं। हथियारबंद गिरोह गांवों पर धावा बोलकर लूट, हत्या और अपहरण की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इन हालातों के बीच सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और शांति बहाल करने का भारी दबाव बढ़ता जा रहा है।
