रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। इनमें छत्तीसगढ़ की दो सीटें भी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इन्हीं दोनों सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है।
चुनाव कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार—
-
5 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे
-
तय समय-सीमा में नामांकन की जांच और नाम वापसी
-
16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान
कांग्रेस में भी दावेदारों को लेकर मंथन
भूपेश बघेल (OBC वर्ग)
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राज्यसभा जाने की चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका देने के लिए राज्यसभा भेजा जा सकता है, जबकि उनके बेटे चैतन्य बघेल को राज्य की राजनीति में आगे बढ़ाया जा सकता है।
टी एस सिंहदेव (जनरल वर्ग)
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव का नाम भी चर्चा में है। उन्होंने पहले कहा था कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर काम करना पसंद करेंगे, लेकिन मौजूदा राजनीतिक हालात में कांग्रेस उन्हें दिल्ली की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है।
दीपक बैज (ST वर्ग)
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी संभावित नामों में शामिल हैं। आदिवासी वर्ग से आने के कारण कांग्रेस सामाजिक समीकरण साधने के लिए उन्हें राज्यसभा भेजने पर विचार कर सकती है।
हाईकमान का फैसला अहम
कांग्रेस में अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। पिछली बार छत्तीसगढ़ कोटे से अन्य राज्यों के नेताओं को राज्यसभा भेजे जाने पर पार्टी को आलोचना झेलनी पड़ी थी। इस बार पार्टी स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता देने के संकेत दे रही है।
राज्यसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल और तेज होने के आसार हैं।
