सड़क पर जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, 7 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर सड़क जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाने वाले 7 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों का जुलूस निकाला गया, जिसमें सभी युवक सिर झुकाकर चलते नजर आए। यह मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही के पास का है।

घटना 16 फरवरी की रात की बताई जा रही है, जब कुछ युवक अंबिकापुर–बनारस स्टेट हाईवे पर पहुंचे और सड़क के बीच चारपहिया वाहन खड़े कर यातायात पूरी तरह रोक दिया। युवकों ने कार की बोनट पर केक काटकर जन्मदिन मनाया और जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें एम्बुलेंस सहित कई वाहन फंस गए।

सोशल मीडिया वीडियो से खुला मामला

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद 20 फरवरी को 6 युवकों को अंबिकापुर से और एक युवक को लटोरी से गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस ने पार्टी में इस्तेमाल की गई 2 कारों को भी जब्त कर लिया है।

ढाबे से हाईवे तक मचाया हंगामा

जानकारी के अनुसार, युवक पहले चठिरमा सीमा क्षेत्र में सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर बने बैरियर के पास स्थित एक ढाबे में पार्टी कर रहे थे। इसके बाद वे हाईवे पर पहुंचे और दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, बाद में सेलिब्रेशन खत्म होने पर रास्ता खोला गया।

एम्बुलेंस भी जाम में फंसी

वायरल वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दी, हालांकि उसमें मरीज था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों ने उसे डिलीट कर दिया था, लेकिन तब तक पुलिस तक मामला पहुंच चुका था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह की लापरवाही और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।