CGPSC परीक्षा 22 फरवरी को, सुबह 8 बजे तक केंद्र पहुंचना अनिवार्य, ड्रेस कोड और नियम सख्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवार सुबह 8 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ड्रेस कोड और आभूषणों पर सख्ती

आयोग के अनुसार परीक्षा के दिन काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित है, हालांकि धार्मिक आवश्यक प्रतीकों को इससे छूट दी गई है।

घड़ी और पहचान पत्र को लेकर निर्देश

अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की घड़ी—चाहे मैकेनिकल हो या डिजिटल—परीक्षा हॉल के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी उम्मीदवारों को मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। आयोग ने ड्रेस कोड, पहचान पत्र और प्रवेश समय को लेकर अतिरिक्त सावधानियां बरतने की अपील की है।

238 पदों पर होगी भर्ती

इस परीक्षा के माध्यम से राज्य की विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में कुल 238 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें सबसे अधिक 51 पद नायब तहसीलदार (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग) के लिए स्वीकृत हैं। इसके बाद 29 पद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा ‘ग’) और 28 पद राज्य पुलिस सेवा (उप पुलिस अधीक्षक) के लिए निर्धारित किए गए हैं।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, समय से पहले केंद्र पर पहुंचें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।