झारखंड में सोमवार रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली इलाज के लिए ले जाए जा रहे एक मरीज को लेकर उड़ान भरने वाली एयर एंबुलेंस चतरा जिले में क्रैश हो गई। हादसे में मरीज सहित कुल सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मरीज को बेहतर इलाज के लिए ले जाया जा रहा था
मिली जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया था।
सोमवार शाम करीब 7:11 बजे एयर एंबुलेंस ने रांची से उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद विमान चतरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सभी सात लोगों की मौत
एयर एंबुलेंस में मरीज, परिजन और मेडिकल टीम सहित कुल सात लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि विमान में आग लग गई और किसी को बचाया नहीं जा सका। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा।
जांच के आदेश
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक आशंका खराब मौसम या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद लातेहार और चंदवा क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
