बिलासपुर की बेटी स्वाति पैकरा बनीं सिविल जज, पहले ही प्रयास में पाई सफलता

बिलासपुर। शहर के लिए गर्व की बात है कि विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतलोक साय पैकरा और मनप्यारी देवी की बेटी स्वाति पैकरा ने सिविल जज परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर ली है। इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी खुशी की लहर है।
सफलता की खबर मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने स्वाति को कार्यालय में बुलाकर बधाई दी। चयन के बाद स्वाति अपने पिता और जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप के साथ आईजी कार्यालय पहुंचीं, जहां उनका सम्मान किया गया।
आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने स्वाति को स्मरणिका भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बेटी का सम्मान होते देख पिता सतलोक साय पैकरा भावुक हो उठे।
आईजीपी ने स्वाति को संदेश देते हुए कहा कि न्यायिक सेवा में कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही एक सच्चे न्यायाधीश की पहचान है।
स्वाति की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और पारिवारिक सहयोग से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि से पूरे बिलासपुर जिले में हर्ष का माहौल है।