कोयला घोटाला केस: ईओडब्ल्यू ने फरार आरोपी नारायण साहू को किया गिरफ्तार

रायपुर। बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नारायण साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया है कि नारायण साहू, मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी का करीबी सहयोगी रहा है और पूरे नेटवर्क में उसकी अहम भूमिका थी।

लेवी कलेक्शन और पैसों के ट्रांसफर में भूमिका

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी कोयला लेवी की रकम के कलेक्शन और पैसों के ट्रांसफर का काम करता था। साथ ही यह तथ्य भी सामने आया है कि सूर्यकांत तिवारी की ओर से नारायण साहू के नाम पर कई संपत्तियां खरीदी गई थीं।

बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले करीब ढाई साल से फरार था और लगातार एजेंसी की पूछताछ से बचने की कोशिश कर रहा था। मामले में पहले ही न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया जा चुका था।

पुलिस रिमांड पर पूछताछ

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान कोयला लेवी की राशि के कलेक्शन, पैसों के ट्रांजेक्शन और उसके नाम पर खरीदी गई संपत्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

ईओडब्ल्यू को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम सुराग और ठोस सबूत सामने आ सकते हैं।

कोयला लेवी घोटाला मामले में यह गिरफ्तारी जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।