संजू पैकरा/बलौदाबाजार
बलौदाबाजार। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोपका (भाटापारा) के प्राचार्य आर.एन. बया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक विकलांग शिक्षक के विशेष भत्ते का भुगतान करने के एवज में अवैध वसूली करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी दीपक डोंगरे ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता विजय कुमार डोंगरे जो उसी स्कूल में व्याख्याता हैं। वर्ष 2017-18 में एक दुर्घटना के बाद से विकलांग हो गए थे। शासन द्वारा उन्हें विशेष विकलांगता भत्ता दिया जाना था लेकिन आरोप है कि प्राचार्य ने इस भत्ते के भुगतान के बदले प्रतिमाह 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगते थे। शिकायत में यह भी बताया गया कि बीते कुछ महीनों में कभी नकद तो कभी बैंक खाते के माध्यम से राशि ली गई। हाल ही में प्राचार्य ने छह माह की बकाया राशि निकालने के लिए 15 हजार रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर शिक्षक का वेतन रोक दिए जाने का भी आरोप है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास आरोपी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
