ठीक होली से पहले बस ओनर्स एसोसिएशन ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया

एमपी(मध्य प्रदेश)के 55जिलों में 2 मार्च यानी होली से ठीक 2 दिन पहले बसों की हड़ताल होगी। इसमें प्रदेश की 20 हजार बसें शामिल होंगी। मध्य प्रदेश बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के मुताबिक, प्रदेश में 12 हजार 780 परमिट वाली जबकि 7 हजार से अधिक कॉन्ट्रैक्ट वाली बसें हैं।

2 मार्च को सुबह 6 बजे से सभी बसों के पहिए थम जाएंगे। सबसे ज्यादा असर आम यात्रियों पर पड़ेगा, जो होली में अपने घर जाएंगे। बस संचालक सरकार की नई परिवहन नीति का विरोध कर रहे हैं। इस नीति के तहत सरकार 7 कंपनियों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत सभी बसों के टेंडर सौंप देगी।

परेशानी की बात यह है कि अगर बसों की हड़ताल हुई तो किराये में 5 से 7 गुना वृद्धि होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन ने  बताया कि सरकार नई नीति के तहत लोकल रूट के लिए बसों के परमिट देगी। किराया सात नई कंपनियां तय करेंगी जबकि ड्राइवर, स्टाफ और ईंधन की जिम्मेदारी बस ऑपरेटरों की ही रहेगी। किराए की राशि कंपनियां तय करेंगी और हमसे कमीशन लिया जाएगा। ये कंपनियां किराए का 10 प्रतिशत तक वसूलेंगी।

उन्होंने बताया- फिलहाल प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपए है। नई नीति के बाद किराया बढ़ाकर 1.75 रुपए करने का प्रस्ताव है। हमने सरकार को ज्ञापन सौंप दिया है। यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो प्रदर्शन किया जाएगा। हमें लोगों को परेशान करने का कोई शौक नहीं है, लेकिन हम सरकार की नीति के खिलाफ हैं।