सरेंडर नक्सली आज देखेंगे विधानसभा की कार्यवाही, डिप्टी सीएम ने रेड कार्पेट बिछाकर किया स्वागत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यधारा से जुड़ चुके सरेंडर नक्सली शुक्रवार को पहली बार विधानसभा की कार्यवाही के साक्षी बनेंगे। माओवादी विचारधारा छोड़ने के बाद यह उनका पहला अवसर होगा, जब वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नजदीक से देखेंगे।

गुरुवार रात उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने सरकारी निवास पर इन पूर्व नक्सलियों से मुलाकात की। इस दौरान उनके सम्मान में रेड कार्पेट बिछाया गया और फूलों से स्वागत किया गया। सरकार की ओर से यह पहल उन्हें मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक शामिल करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

आज विधानसभा की कार्यवाही के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों से जुड़े प्रश्न सदन में उठाए जाएंगे। पूर्व नक्सली दर्शक दीर्घा से पूरी कार्यवाही को देखेंगे और लोकतांत्रिक संवाद की प्रक्रिया को समझेंगे।

सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से भटके हुए युवाओं को लोकतंत्र की ताकत और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश मिलेगा। यह कदम नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास बहाली और पुनर्वास नीति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।