छत्तीसगढ़ में 11 IAS अधिकारियों का तबादला, कुलदीप शर्मा बने बलौदाबाजार के नए कलेक्टर
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक कसावट और विभागीय कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से 11 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आदेश के तहत कुलदीप शर्मा को बलौदाबाजार जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं 2006 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सीआर प्रसन्ना को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में सचिव, सहकारिता विभाग के पद पर कार्यरत हैं। सहकारिता क्षेत्र में उनकी भूमिका अब और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
इसी क्रम में तीर्थराज अग्रवाल को उप सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को सुशासन और विभागीय समन्वय को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इन नियुक्तियों का असर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर देखने को मिलेगा।
