संजू पैकरा/बलौदाबाजार
बलौदाबाजार में मादा गौर शिकार मामला: दो और आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण, शेष की तलाश जारी
बलौदाबाजार, 28 फरवरी 2026। वन परिक्षेत्र अर्जुनी अंतर्गत अक्टूबर माह में हुई मादा गौर के शिकार के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों में से दो ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल दाखिल कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। शिकार की यह घटना गंभीर प्रकृति की होने के कारण वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
घटना के बाद से ही वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी, विशेष गश्त और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। सघन प्रयासों के परिणामस्वरूप मुख्य आरोपी जगदीश चौहान एवं अभिमन्यु चौहान, दोनों निवासी बिलाड़ी, ने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक गुलशन कुमार साहू, प्रशिक्षु वन क्षेत्रपाल रुपेश्वरी दीवान एवं डब्बू साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्रमांक /106
