नागपुर में गोला-बारूद फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 कर्मचारियों की मौत, कई घायल

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले के राउलगांव क्षेत्र में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड में रविवार सुबह करीब 7 बजे भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 17 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

डेटोनेटर निर्माण के दौरान हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कर्मचारी काम शुरू ही कर रहे थे, तभी प्लांट में डेटोनेटर तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और फैक्ट्री परिसर में चारों ओर मलबा फैल गया। हादसे के समय फैक्ट्री में 30 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। मलबे में दबे कर्मचारियों को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया, जिसमें कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया। करीब 15 घायलों को इलाज के लिए नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

औद्योगिक विस्फोटक बनाती है कंपनी

नागपुर के कलमेश्वर क्षेत्र में स्थित यह कंपनी (पूर्व में स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड) खनन परियोजनाओं के लिए औद्योगिक विस्फोटक और डेटोनेटर का निर्माण करती है। प्रारंभिक आशंका है कि तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में चूक के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि आधिकारिक जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही है। पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।