कसडोल में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

संजू पैकरा/बलौदाबाजार

 

कसडोल, 01 मार्च 2026।

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से थाना कसडोल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (कैम्प कसडोल), थाना प्रभारी कसडोल, नगर के जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, सर्व समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक, क्षेत्र अंतर्गत समस्त ग्राम सरपंच एवं कोटवार उपस्थित रहे।

 

बैठक में आगामी होली पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों ने भी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव रखे, जिन पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।

 

बैठक में मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं पर सहमति बनी—

 

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार डीजे/धुमाल बजाने के नियमों का पालन किया जाए।

 

अश्लील एवं फूहड़ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहे।

 

होलिका दहन निर्धारित समय पर किया जाए।

 

यातायात नियमों का सख्ती से पालन किया जाए।

 

होली शालीनता एवं मर्यादा के साथ मनाई जाए।

 

किसी के कपड़े फाड़कर या जबरन रंग लगाकर होली न खेली जाए।

 

पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग जारी रहेगी।

 

 

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।