गिरौधपुरी चौकी में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

संजू पैकरा/बलौदाबाजार

बलौदाबाजार। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बलौदाबाजार जिले के गिरौधपुरी चौकी क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के आसपास के सभी सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए चौकी प्रभारी जगदीश सुनवानी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की कि होली जैसे पावन पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

 

चौकी प्रभारी ने डीजे, शराब सेवन एवं हुड़दंग जैसी गतिविधियों पर नियंत्रण रखने तथा समय-सीमा का पालन करने की भी समझाइश दी। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय से ही त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकता है।

 

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।