खामेनेई की मौत पर रायपुर में शिया समुदाय का विरोध, ट्रंप और नेतन्याहू के पोस्टर पर फेंकी स्याही

रायपुर- अमेरिका-इजरायल के हमले में Ali Khamenei की मौत के बाद दुनिया भर के शिया मुसलमानों में गम और गुस्से का माहौल है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में भी शिया समुदाय के लोगों ने आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

शहर के मोमिनपारा इलाके में सड़क किनारे Donald Trump और Benjamin Netanyahu के पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों पर दोनों नेताओं की तस्वीरों के साथ “डाउन टू अमेरिका” और “डाउन टू इजरायल” जैसे नारे लिखे गए थे। प्रदर्शन के दौरान इन पोस्टरों पर नीली स्याही भी फेंकी गई और वहां से गुजर रहे लोग पोस्टरों को पैरों से रौंदते हुए नजर आए।

रायपुर के शिया बहुल इलाकों मोमिनपारा और पंडरी में लोगों ने इमामबाड़ों और अन्य धार्मिक स्थलों पर इकट्ठा होकर खामेनेई की मौत पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान समुदाय के लोगों ने शोक सभाएं आयोजित कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

पंडरी स्थित इमाम बारगाह में ईरानी समुदाय के लोगों ने मजलिस का आयोजन कर खामेनेई को याद किया। वहीं खोजा जमात के लोगों ने भी बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे माहौल में शोक और आक्रोश दोनों देखने को मिला।