संजू पैकरा/बलौदाबाजार
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा फील्ड में सक्रिय, अस्पताल से धान केंद्र तक किया निरीक्षण
बलौदाबाजार। जिले में नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पदभार संभालते ही फील्ड पर सक्रियता दिखाते हुए जिला अस्पताल, धान उपार्जन केंद्र और निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि व्यवस्थाएं केवल कागजों में नहीं, जमीनी स्तर पर नजर आनी चाहिए।

अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने जिला अस्पताल और मातृ-शिशु अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी-आईपीडी काउंटर, ट्रॉमा सेंटर, सीटी स्कैन यूनिट, प्रसूति वार्ड, सर्जिकल वार्ड, डायलिसिस यूनिट, ब्लड बैंक और पब्लिक हेल्थ लैब का निरीक्षण किया।
रोजाना लगभग 500 ओपीडी पंजीयन होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन औषधि केंद्र में दवाओं के स्टॉक और एक्सपायरी की जांच करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल में दवा उपलब्ध हो तो किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।

रिफरल सिस्टम पर जोर
उन्होंने पीएचसी और सीएचसी से आने वाले मरीजों के रिफरल मामलों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि केवल आवश्यक स्थिति में ही बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाए। जिला अस्पताल में उपलब्ध मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों का पूरा उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

धान उपार्जन केंद्र का जायजा
कलेक्टर ने आमेरा धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी, उठाव और शेष धान की स्थिति की समीक्षा की। उठाव की गति तेज करने और ट्रकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नालंदा परिसर निर्माण की समीक्षा
निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पर जोर दिया। सुरक्षा, सामग्री और श्रमिकों की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
![]()
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, एसडीएम प्रकाश कोरी और सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।
पहले ही दौर के निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों और शिक्षा से जुड़े कार्यों पर गंभीरता से काम कर रहा है।
