संजू पैकरा/बलौदाबाज 4 मार्च 2026
स्थानीय समस्याओं का समाधान तहसील स्तर पर ही करें, सड़कों की मरम्मत 15 जून तक पूरी हो – कलेक्टर
बलौदाबाजार, 5 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरण तथा अन्य स्थानीय समस्याओं का निराकरण तहसील और जनपद स्तर पर ही किया जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला कार्यालय न आना पड़े।
समय-सीमा की बैठक में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और सीएमजीएसवाई से संबंधित सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि खराब सड़कों का चिन्हांकन कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए और सभी कार्य बारिश से पहले 15 जून तक पूरा कर लिया जाए।
सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टी लगाने, ब्लैक स्पॉट के पास संकेतक लगाने और सड़कों के शोल्डर सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एप्रोच रोड को मुख्य मार्ग से सीधे न जोड़कर दाएं-बाएं घुमावदार बनाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने की हिदायत भी दी।

- कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के कार्य की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को सही तरीके से भरने तथा गांव के अंतिम घर तक पानी की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल संरक्षण के लिए हैंडपंप के पास सोखता गड्ढों का निर्माण कराने को कहा।
बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, जिला पंचायत सीईओ दिव्या गौतम, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, अभिषेक गुप्ता, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
