संजू पैकरा/बलौदाबाजार 6 मार्च 2026
होली के दिन विवाद: बाइक चलाने को लेकर युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। होली पर्व के दौरान ग्राम करमदा में मामूली विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को घायल कुशल ध्रुव अपने दोस्तों के साथ होली मनाकर पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान बाजार चौक के पास आरोपी विकास ध्रुव अपने साथियों के साथ लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए वहां पहुंचा। कुशल ध्रुव द्वारा मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कहने पर आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी विकास ध्रुव ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे चाकू से कुशल ध्रुव पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 296, 118(1), 351(2) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास ध्रुव (20 वर्ष) निवासी ग्राम करमदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट और चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को 5 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
