संजू पैकरा/बलौदाबाजार 6 मार्च 2026
लवन में होली के दौरान चाकूबाजी: एक आरोपी गिरफ्तार, चाकू व मोटरसाइकिल जब्त
बलौदाबाजार। होली पर्व के दौरान लवन नगर में चाकूबाजी कर युवक पर प्राणघातक हमला करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सोनू जायसवाल निवासी वार्ड क्रमांक 08 लवन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे बूढ़ा तालाब के पास आरोपी महेंद्र वर्मा अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से आया और पुरेंद्र जायसवाल के बारे में पूछताछ करने लगा। जानकारी नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा चाकू से प्रार्थी के पेट में प्राणघातक वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
मामले में थाना लवन पुलिस ने अपराध क्रमांक 72/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में लवन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र वर्मा (23 वर्ष) निवासी ग्राम बगबुड़ा थाना लवन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू और मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 AE 1620 जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है
