संजू पैकरा/बलौदाबाजार 6 मार्च 2026
भाटापारा में चाकूबाजी: युवक की हत्या, एक आरोपी हिरासत में
भाटापारा। शहर में गुरुवार देर रात चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना 5 मार्च 2026 की रात लगभग 10:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा के सामने हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज ध्रुव और उसके तीन साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गणेश झंझोटे का रास्ता रोककर उससे विवाद किया। विवाद के दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से गणेश पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल गणेश को तुरंत इलाज के लिए जीवन मल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही थाना भाटापारा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें से एक आरोपी मनीष ध्रुव को पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया है।
प्राचीकरण राठौर उर्फ बिट्टू (27 वर्ष), निवासी शक्ति वार्ड भाटापारा की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत धारा 126(2), 103(1), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
