मरीजों को बेहतर सुविधा देने कलेक्टर का कसडोल अस्पताल में औचक निरीक्षण

­संजूपैकरा/बलौदाबाजार 6 मार्च 2026

कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

बलौदाबाजार, 6 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को कसडोल विकासखंड के दौरे के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कसडोल का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण केंद्र में केवल एक फार्मासिस्ट होने के कारण मरीजों को हो रही परेशानी को देखते हुए जीवन दीप समिति से दो अतिरिक्त फार्मासिस्ट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही मेल और फीमेल वार्ड को अलग-अलग संचालित करने तथा शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने को कहा।

कलेक्टर ने ओपीडी में पंजीयन व्यवस्था सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा महीने में दो दिन से बढ़ाकर तीन दिन 7, 14 और 21 तारीख को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुष्ठ रोग कक्ष में भर्ती एक मरीज को मेडिकल किट और चप्पल वितरित किया गया।

दवा भंडारण कक्ष में उपलब्ध दवाइयों की सूची तथा कालातीत दवाइयों को अलग करने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली गई। आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने एनआरसी कक्ष में भर्ती कुपोषित बच्चों की जानकारी लेकर उन्हें निर्धारित डायट चार्ट के अनुसार समय पर पूरक पोषण आहार देने के निर्देश दिए। फिजियोथेरेपी कक्ष में उपचाररत मरीजों से सुविधाओं के बारे में पूछताछ की तथा फिजियोथेरेपिस्ट के कार्य की सराहना करते हुए निरंतर बेहतर सेवा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम आर.आर. दुबे, सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।