दो पहिया वाहन निर्माता Royal Enfield अपनी 450cc लाइनअप को और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी की इस सीरीज में फिलहाल Royal Enfield Himalayan 450 और Royal Enfield Guerrilla 450 शामिल हैं। इनमें से Guerrilla 450 को साल 2024 में लॉन्च किया गया था और अब कंपनी इसका अपडेटेड वर्जन भारतीय बाजार में लाने की योजना बना रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपडेटेड Guerrilla 450 को मार्च 2026 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है। यह इस मोटरसाइकिल के लॉन्च के बाद पहला बड़ा अपडेट होगा, जिसमें कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
फीचर्स और लुक में बदलाव की संभावना
हालांकि कंपनी ने अभी तक नए अपडेट से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि बाइक में कुछ मैकेनिकल सुधार किए जा सकते हैं। इससे पहले कंपनी ने Royal Enfield Hunter 350 के अपडेटेड वर्जन में भी ऐसे बदलाव किए थे, जिनका उद्देश्य राइडर के आराम और बाइक के कंट्रोल को बेहतर बनाना था।
इसके अलावा खरीदारों को आकर्षित करने के लिए फीचर्स में बदलाव और नए कलर ऑप्शन भी जोड़े जा सकते हैं। फिलहाल Guerrilla 450 को Brava Blue, Shadow Ash, Peix Bronze, Smoke Silver, Playa Black और Gold Dip जैसे रंगों में पेश किया जाता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
Royal Enfield Guerrilla 450 की शुरुआती कीमत लगभग 2.56 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसमें Sherpa इंजन लगाया गया है, जो Royal Enfield Himalayan 450 में भी इस्तेमाल किया जाता है।
यह 452cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन है, जो करीब 40 hp की पावर और 40 Nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। इसमें राइड-बाय-वायर सिस्टम, दो राइडिंग मोड्स और 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम
मोटरसाइकिल में आगे की तरफ 43mm टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क दिए गए हैं, जो 140mm का व्हील ट्रैवल प्रदान करते हैं। वहीं पीछे की ओर 150mm का मोनो-शॉक सस्पेंशन दिया गया है।
ब्रेकिंग के लिए आगे 310mm का वेंटिलेटेड डिस्क ब्रेक और डुअल पिस्टन कैलिपर मिलता है, जबकि पीछे 270mm का सिंगल पिस्टन डिस्क ब्रेक दिया गया है। सुरक्षा के लिए इसमें डुअल-चैनल ABS और 17 इंच के पहिए भी मिलते हैं।
उम्मीद की जा रही है कि नए अपडेट के साथ यह बाइक पहले से ज्यादा आरामदायक और बेहतर राइडिंग अनुभव देने वाली होगी।
