बाइक रैली के जरिए ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वन अग्नि सुरक्षा का दिया संदेश

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 7 मार्च 2026

वन अग्नि से बचाव के लिए निकली जागरूकता बाइक रैली, ग्रामीणों व विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

बलौदाबाजार, 7 मार्च 2026। वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देशानुसार शनिवार को वन परिक्षेत्र देवपुर अंतर्गत वन अग्नि से सुरक्षा एवं सावधानी को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत बाइक रैली का आयोजन कर ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वन आग से बचाव के उपाय बताए गए।

बाइक रैली के माध्यम से परिवृत्त देवपुर के ग्राम देवपुर, तेंदुचुवा, धमलपुरा, कोसमसरा, पकरीद, गिधपुरी, मेटकुला, कुरकुटी और नवाडीह में लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान बैनर और पोस्टर के जरिए ग्रामीणों को जंगलों में आग न लगाने, जंगल से लगे खेतों में पराली न जलाने, महुआ संग्रहण के समय आग का उपयोग न करने, ज्वलनशील वस्तुएं लेकर जंगल में प्रवेश न करने और आग लगने की स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई।

रैली के दौरान वन अग्नि से पर्यावरण, वन्यजीवों और वन संपदा को होने वाले नुकसान की जानकारी भी दी गई।

इस जागरूकता अभियान में परिक्षेत्र अधिकारी देवपुर संतोष कुमार पैकरा, चंद्रहास ठाकुर, रामेश्वर साहू सहित फायर वाचर, समिति सुरक्षा श्रमिक, वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष व सदस्य तथा गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर से आए छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

क्रमांक /27