संजू पैकरा/बलौदाबाजार 07.03.2026
मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद, चाकू मारकर युवक को किया घायल – 2 फरार आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। ग्राम करमदा में मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला करने वाले दो फरार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च 2026 को कुशल ध्रुव अपने दोस्तों के साथ होली मनाकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार चौक के पास विकास ध्रुव, राहुल, टिकेश्वर और अन्य युवक लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए पहुंचे। कुशल ध्रुव द्वारा उन्हें मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट कर दी।
इस दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से कुशल ध्रुव पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 186/2026 धारा 296, 118(1), 351(2) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो फरार आरोपियों राहुल उर्फ रामदास मानिकपुरी (18 वर्ष) और टिकेश्वर लसेल (19 वर्ष) निवासी ग्राम करमदा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और प्रकरण की विवेचना जारी है।
