मीशो को 1500 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कंपनी बोली- आदेश को कोर्ट में देंगे चुनौती

ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस Meesho को असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए करीब 1500 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स डिमांड नोटिस मिला है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह इस आदेश को चुनौती देगी। यह नोटिस आयकर विभाग की असेसमेंट यूनिट ने Income Tax Act 1961 के सेक्शन 156 के तहत जारी किया है। साथ ही कंपनी को सेक्शन 143(3) के तहत असेसमेंट ऑर्डर भी दिया गया है।

कंपनी के मुताबिक आयकर विभाग ने उससे 14,99,73,82,840 रुपये (करीब 1500 करोड़ रुपये) का इनकम टैक्स मांगा है, जिसमें ब्याज भी शामिल है। मीशो ने कहा कि वह असेसमेंट ऑर्डर में किए गए ऑब्जर्वेशन और एडजस्टमेंट्स से सहमत नहीं है और इसे कानूनी रूप से चुनौती देगी।

कंपनी ने कहा- हमारे पास मजबूत आधार

मीशो का कहना है कि कानून और तथ्यों के आधार पर उसके पास अपने पक्ष को सही साबित करने के लिए पर्याप्त कारण हैं। कंपनी अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है। साथ ही कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस ऑर्डर का उसकी फाइनेंशियल स्थिति, ऑपरेशंस या बिजनेस एक्टिविटीज पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा

पहले भी आया था ऐसा नोटिस

मीशो ने बताया कि इससे पहले असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए भी ऐसा ही डिमांड नोटिस जारी किया गया था। उस मामले में Karnataka High Court ने 17 अप्रैल 2025 को अंतरिम रोक लगा दी थी और मामला अभी भी लंबित है।

2015 में शुरू हुई थी कंपनी

Meesho की शुरुआत साल 2015 में Vidit Aatrey और Sanjeev Barnwal ने की थी। कंपनी दिसंबर 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। इसका 5,421.20 करोड़ रुपये का IPO करीब 81.76 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

फिलहाल कंपनी के शेयर की कीमत BSE पर करीब 159.10 रुपये है और कंपनी का मार्केट कैप लगभग 71,800 करोड़ रुपये है।

मीशो की वित्तीय स्थिति

वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का शुद्ध घाटा सालाना आधार पर लगभग 12 गुना बढ़कर 490.6 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में घाटा 37.43 करोड़ रुपये था।

वहीं ऑपरेशंस से रेवेन्यू 31 प्रतिशत बढ़कर 3,517.5 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 2,678.64 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी 44 प्रतिशत बढ़कर 4,071 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।