सुनिए साहब…स्टे ऑर्डर के बावजूद जारी निर्माण, कसडोल तहसील के कटगी गांव में प्रशासनिक आदेश की अवहेलना का मामला

बलौदाबाजार– जिले के ग्राम कटगी, तहसील कसडोल में तहसीलदार न्यायालय के स्पष्ट स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) के बावजूद विवादित भूमि पर निर्माण कार्य जारी रहने का मामला सामने आया है। इस घटना ने प्रशासनिक नियंत्रण और न्यायालयीन आदेशों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कसडोल तहसीलदार न्यायालय ने 27 फरवरी 2026 को आदेश क्रमांक 434/वा0/तह0/2026 जारी करते हुए खसरा नंबर 1175/16 स्थित विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए थे। यह आदेश आवेदक सत्यनारायण देवांगन की याचिका पर पारित किया गया था, जिसमें भूमि पर कथित अवैध निर्माण को रोकने की मांग की गई थी।

आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद प्रमोद कुमार देवांगन द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि ग्राम कोटवार श्यामलाल जाटवर मौके पर पहुंचे और दो बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद आदेश का पालन नहीं किया गया।

तहसीलदार न्यायालय के आदेश पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामला संयुक्त परिवार की संपत्ति से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संयुक्त परिवार की आय से खरीदी गई भूमि पर अन्य सदस्यों की सहमति के बिना बोर खनन और मकान निर्माण शुरू किया गया है, जिसे संपत्ति हड़पने की मंशा से जोड़ा जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार न्यायालय ने आदेश की प्रतिलिपि थाना प्रभारी कसडोल और संबंधित हल्का पटवारी को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अब इस पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं कि क्या न्यायालय के आदेश जमीन पर लागू होंगे या केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।