धान में रेत मिलाकर हेराफेरी करने वाला खरीदी केंद्र प्रभारी बर्खास्त
बलौदाबाजार, 9 मार्च 2026। जिले के निपनिया धान खरीदी केंद्र में धान में रेत मिलाकर हेराफेरी करने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए खरीदी केंद्र प्रभारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित निपनिया के धान उपार्जन केंद्र निपनिया में धान के बोरों में रेत, कंकड़ और धूल-मिट्टी मिलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद जिला प्रशासन ने संयुक्त जांच दल गठित कर 8 मार्च 2026 को मामले की जांच कराई।
जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि धान उपार्जन केंद्र निपनिया के भौतिक सत्यापन में 137.20 क्विंटल धान अधिक पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि धान खरीदी प्रभारी लीलाराम सेन ने हमालों के माध्यम से करीब 5300 कट्टों में 2 से 3 किलोग्राम तक रेत मिलवाई। इसके जरिए लगभग 132 क्विंटल धान की हेराफेरी कर गबन करने की पुष्टि हुई है।
प्रतिवेदन में दर्ज तथ्यों के आधार पर उपायुक्त सहकारिता ने धान खरीदी प्रभारी लीलाराम सेन को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही का दोषी मानते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की। इसके बाद छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 55(1) तथा कर्मचारी सेवा नियम 2018 के नियम 16 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से पृथक (बर्खास्त) कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
