पानी के लिए तरसे सेमरिया-ब के ग्रामीण, जल्द समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 11 मार्च 2026

पाइप की कमी से सेमरिया-ब में गहराया पेयजल संकट, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

भाटापारा। विकासखंड के ग्राम पंचायत सेमरिया-ब में इन दिनों पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीएचई विभाग (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग) में पाइप की कमी के कारण क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हो पा रही है, जिससे गांव में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सरपंच महेश्वरी हीरामणी यदु ने बताया कि लंबे समय से गांव में पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। पाइपलाइन कई स्थानों पर खराब हो चुकी है, लेकिन विभाग में आवश्यक पाइप उपलब्ध नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार कई दिनों से पानी की आपूर्ति प्रभावित है, जिसके कारण ग्राम पंचायत के कई मोहल्लों और वार्डों में पेयजल का संकट गहरा गया है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और भी गंभीर हो गई है।

पानी की कमी के चलते महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई परिवार निजी साधनों से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पीएचई विभाग के अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवश्यक पाइप की व्यवस्था कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देकर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।