टी20 विश्व कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जश्न का माहौल बना हुआ है, लेकिन इसी बीच भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिर गए हैं। पुणे के एक वकील ने उन पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुणे में दर्ज कराई गई शिकायत
पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में एडवोकेट वाजिद खान ने आवेदन देकर हार्दिक पांड्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वकील का आरोप है कि टी20 विश्व कप जीत के बाद जश्न के दौरान पांड्या ने तिरंगे की गरिमा का उल्लंघन किया।
तिरंगे को शरीर पर लपेटकर जश्न मनाने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि जीत के बाद मैदान पर जश्न के दौरान हार्दिक पांड्या ने राष्ट्रीय ध्वज को अपने शरीर के चारों ओर लपेट रखा था। वकील का कहना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।
वाजिद खान के मुताबिक, जश्न के दौरान पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ सेलिब्रेशन कर रहे थे। उस समय तिरंगा उनकी पीठ पर बंधा हुआ था और वह उसी हालत में नाचते और मंच पर लेटे हुए दिखाई दिए।
राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम का हवाला
वकील ने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का किसी भी तरह अपमान नहीं होना चाहिए और इसकी गरिमा बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
पुलिस ने पहले जताई आपत्ति
शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने कहा कि यह घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि वकील का तर्क था कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई जा सकती है। बाद में पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी कॉपी भी दे दी।
अभी तक पांड्या की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
फिलहाल इस मामले को लेकर हार्दिक पांड्या या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
