संजू पैकरा/बलौदाबाजार 12 मार्च 2026
पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
बलौदाबाजार, 12 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को विकासखंड भाटापारा के ग्राम पंचायत तरेंगा के दौरे के दौरान पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांगों और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मिडिल स्कूल में शिक्षकों के देर से पहुंचने, बच्चों पर नियंत्रण की कमी, शाला विकास समिति की बैठक तथा फंड में पारदर्शिता से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को फोन पर निर्देश देते हुए कहा कि बीईओ और बीआरसी को अगले ही दिन स्कूल भेजकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएं।

इसके अलावा ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास, पेंशन और पहुंच मार्ग से संबंधित समस्याएं भी बताईं, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

चौपाल के बाद कलेक्टर ने टीटीसी लाइब्रेरी परिसर में पीपल का पौधा लगाया। साथ ही लाइब्रेरी भवन के पास मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत सोखता गड्ढा निर्माण में श्रमदान कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

उप सरपंच की मांग पर कलेक्टर ने लाइब्रेरी में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए जनपद सीईओ को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्राम के नवनियुक्त पुलिस आरक्षकों को शुभकामनाएं दीं और गांव में बनाए गए जिम सेंटर की सराहना की।

इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
