संजू पैकरा/बलौदाबाजार12 मार्च 2026
सैहाभाटा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 81 हजार की महुआ शराब और लाहन जब्त
बलौदाबाजार, 12 मार्च 2026। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 81 हजार रुपये मूल्य की महुआ शराब और महुआ लाहन जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कसडोल वृत्त के अंतर्गत आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम सैहाभाटा में दबिश देकर आरोपी श्याम पटेल, हाल मुकाम सैहाभाटा थाना कसडोल, के कब्जे से 45 बल्क लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा 30 किलोग्राम क्षमता वाली प्लास्टिक की 40 बोरियों में भरा कुल 1200 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य करीब 72 हजार रुपये आंका गया है। आबकारी विभाग ने महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
आरोपी श्याम पटेल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम, पी. माधव राव, विनोद कुमार बांधे, नगर सैनिक कमल वर्मा, दुर्गेश्वरी कुर्रे और राजकुमारी पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
