एसपी भावना गुप्ता का सख्त संदेश: लंबित अपराध और शिकायतों का करें त्वरित निराकरण

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 13 मार्च 2026

एसपी भावना गुप्ता ने भाटापारा ग्रामीण थाने का किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश

बलौदाबाजार-भाटापारा, 12 मार्च 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने गुरुवार को थाना भाटापारा ग्रामीण का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परेड लेकर सलामी लेने से हुई। इस दौरान पुलिस स्टाफ का टर्न आउट भी चेक किया गया। उत्कृष्ट टर्न आउट प्रस्तुत करने वाले पुलिस कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने थाने में दर्ज गंभीर अपराधों, लंबित शिकायतों, मर्ग और अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारी को इनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए कानूनों के प्रावधानों के अनुसार ई-साक्ष्य और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया।

इस दौरान थाना परिसर, अभिलेख, सीसीटीएनएस कक्ष और विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण किया गया। ग्राम अपराध पुस्तिका, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर और निगरानी रजिस्टर सहित कई दस्तावेजों में पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

एसपी भावना गुप्ता ने मालखाना में रखे जब्त सामान का भी निरीक्षण कर उनके सही रखरखाव और समय-समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हवालात और पूरे थाना परिसर की साफ-सफाई का भी अवलोकन किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित अपराधों, शिकायतों और मर्ग प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, महिला एवं बाल अपराधों की समयबद्ध जांच, न्यायालय से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन तथा गंभीर अपराधों में शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।इसके अलावा बेसिक और विजिबल पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए शाम के समय पैदल पेट्रोलिंग, होटल व संदिग्ध गतिविधियों की जांच तथा गुंडा, निगरानी और बदमाशों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए