संजू पैकरा/बलौदाबाजार 13 मार्च 2026
बलौदाबाजार में गाली देने से मना करने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। नगर के नेहरू नगर क्षेत्र में गाली-गलौज से मना करने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी यशराज साहू, निवासी नेहरू नगर बलौदाबाजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 मार्च 2026 को आरोपी रमेश साहू उसके बड़े पिता और भाई को अश्लील गालियां दे रहा था। प्रार्थी द्वारा समझाइश देकर उसे घर भेज दिया गया।
कुछ समय बाद रात करीब 12:30 बजे आरोपी दोबारा वापस आया और प्रार्थी को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान आरोपी ने चाकू से प्रार्थी के गले पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान प्रार्थी के हाथ में गहरी चोट आई।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 109, 296, 351(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश साहू (32 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 11 सुभाष चौक बलौदाबाजार को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने गाली देने से मना करने पर आवेश में आकर चाकू से हमला करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
