संजू पैकरा/बलौदाबाजार 14 मार्च 2026
सिमगा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: गोदाम से 23 अवैध गैस सिलेंडर जब्त
बलौदाबाजार, 14 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को एसडीएम सिमगा के नेतृत्व में सिमगा में जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान सिमगा के व्यापारी योगेश ताम्रकार के गोदाम से 23 नग अवैध खाली गैस सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान सिमगा स्थित माँ बमलेश्वरी गैस एजेंसी और अमृत बर्तन भंडार की भी जांच की गई।
इस अभियान में तहसीलदार सिमगा, खाद्य निरीक्षक सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध सिलेंडर जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
