आवागमन होगा आसान, मंत्री टंकराम वर्मा ने किया 7.82 करोड़ की सड़क का भूमिपूजन

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 15 मार्च 2026

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने 7.82 करोड़ की लागत से बनने वाले नवापारा–सतभांवा मार्ग का किया भूमिपूजन

बलौदाबाजार, 15 मार्च 2026। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रविवार को विकासखंड सिमगा के ग्राम सकरी में नवापारा–सकरी–सतभांवा मार्ग के निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। पुल-पुलियों सहित इस सड़क का निर्माण 7 करोड़ 82 लाख 58 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है और इस बार जिले में कई सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। प्रदेश में बेहतर सड़कों का जाल बिछाने का काम किया जा रहा है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद कृषक उन्नति योजना के तहत शेष राशि का एकमुश्त भुगतान भी होली से पहले कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मोदी की अधिकांश गारंटियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आनंद यादव, जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलतराम पाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहव वर्मा, सरपंच कविता वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।