मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचा भारतीय झंडे वाला तेल टैंकर ‘जग लाडकी’, हजारों टन कच्चा तेल लेकर आया

गुजरात के मुंद्रा पोर्ट स्थित अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन पर भारतीय झंडे वाला तेल टैंकर ‘जग लाडकी’ पहुंच गया है। यह टैंकर संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह पोर्ट से रवाना होकर होर्मुज जलडमरूमध्य पार करते हुए भारत पहुंचा।
इस टैंकर में करीब 80,886 मीट्रिक टन (लगभग 5.8 से 6 लाख बैरल) कच्चा तेल लदा हुआ है। यह खेप भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्तमान में भारत में रोजाना लगभग 5.5 से 5.6 मिलियन बैरल (करीब 90 करोड़ लीटर) तेल की खपत होती है।
इससे पहले मंगलवार को भारत का जहाज ‘नंदा देवी’ गुजरात के वडिनार पोर्ट पहुंचा था। इस जहाज के जरिए करीब 46,500 मीट्रिक टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) भारत लाई गई।
वहीं सोमवार को भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ भी LPG लेकर मुंद्रा पोर्ट पहुंचा था। इस जहाज में करीब 46 हजार मीट्रिक टन LPG मौजूद थी, जो लगभग 32.4 लाख घरेलू गैस सिलेंडरों के बराबर बताई जा रही है।
लगातार आ रही इन ऊर्जा खेपों से देश में कच्चे तेल और घरेलू गैस की आपूर्ति को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ⛽🚢🇮🇳